
29 जुलाई को शिक्षिका सृष्टि कंडारी ने अपनी जान दे दी। मौत से पहले बनाए गए कथित वीडियो में सृष्टि की आवाज में जो बेबसी झलकती है, वह हर संवेदनशील इंसान को भीतर तक हिला देने वाली है। श्रीनगर गढ़वाल की श्रीकेाट निवासी सृष्टि की शादी पिछले वर्ष नवंबर में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। सौरभ सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है। वहीं सृष्टि शिक्षिका (प्रवक्ता) थी। शादी के करीब तीन महीने बाद उसके ससुर का हार्ट अटैक से निधन हो गया।

शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में पुलिस ने पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में दी तहरीर में बताया था कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
आरोप लगाया कि सृष्टि को कभी दहेज की मांग को लेकर तो कभी अपशकुन और मनहूस कहकर परेशान किया जाता था। ससुराल में होने वाली किसी भी अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य परिजनों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच की जा रही है।
शिक्षिका की मौत के मामले में मां के बयान दर्ज
हर्रावाला में नवविवाहिता शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।


