
धार्मिक यात्रा पर उत्तराखंड आए बॉलीवुड निर्देशक को फोन पर धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा करते हुए बड़ी रकम की मांग की है।\

कलियर में जियारत करने आए मुंबई के राजनेता एवं बॉलीवुड निर्देशक हाजी शकील सैफी को फोन पर 40 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है। इस संबंध में हाजी शकील ने कलियर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
हाजी शकील के मुताबिक, उन्हें मोबाइल फोन पर अनिल पंडित नाम के व्यक्ति की ओर से धमकी दी गई। फोन करने वाले ने 40 करोड़ रुपये की फिरौती नहीं देने पर उनके परिवार को खत्म करने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी उन्हें इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। घटना के बाद हाजी शकील ने कलियर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

