चारधाम यात्रा के बाद शीतकालीन यात्रा पर भी नया नियम, पहली बार लागू होगी रजिस्ट्रेशन व्यवस्था !

Share Now

कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर सकेंगे। शीतकाल में देवताओं की पूजा उनके प्रवास स्थलों पर होती है। अब इस यात्रा को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड तैयार करने के लिए नई व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।

चारधाम यात्रा की तर्ज पर अब शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इससे यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी पर्यटन व प्रशासन के पास होगी और शीतकाल यात्रा का डाटा तैयार होगा। चारधाम यात्रा में गंगोत्री, यमुनोत्री व केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो गए हैं।

 

16 नवंबर को बदरीनाथ के कपाट बंद होने के साथ ही यात्रा छह माह के लिए स्थगित हो जाएगी। शीतकाल में चारधामों की पूजा-अर्चना प्रवास स्थलों पर होती है, जहां पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना व दर्शन कर सकेंगे। बाबा केदार की पंचमुखी डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान होती है। जबकि गंगोत्री की मुखबा, यमुनोत्री की खरसाली और भगवान बदरीविशाल के कपाट बंद होने के बाद शंकराचार्य की गद्दी नृसिंह मंदिर ज्योर्तिमठ और उद्दव जी की पांडुकेश्वर में पूजा-अर्चना होती है।

2025 में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु थे आए

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शीतकालीन यात्रा की शुरूआत की थी। वर्ष 2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधामों के प्रवास स्थलों पर दर्शन किए जबकि 2025 में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु आए।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि चारधाम यात्रा के बाद प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया जाएगा। शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण की व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि चारधाम यात्रा की तुलना में शीतकालीन यात्रा में भीड़ कम होती है। इसे देखते हुए पंजीकरण अनिवार्य नहीं होगा। इस व्यवस्था से सुरक्षा के लिहाज से श्रद्धालुओं की जानकारी व डाटा तैयार होगा।

Share Now