
मैदानी इलाकों में सूरज अपने खूब तेवर दिखा रहा है। आमतौर पर इस समय तक सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगती है और दिन के तापमान में भी गिरावट आने लगती है। इसके उलट इस बार नवंबर के तीसरे सप्ताह में भी मैदानी इलाकों में गर्मी का अहसास हो रहा है।

नवंबर का महीना बीतने को है, लेकिन उत्तराखंड में सर्दी की दस्तक का इंतजार लंबा होता जा रहा है। खासकर मैदानी इलाकों में सूरज अपने खूब तेवर दिखा रहा है। आमतौर पर इस समय तक सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगती है और दिन के तापमान में भी गिरावट आने लगती है। इसके उलट इस बार नवंबर के तीसरे सप्ताह में भी मैदानी इलाकों में गर्मी का अहसास हो रहा है। दिन में तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। वहीं, रात के तापमान में भी अपेक्षित गिरावट नहीं होने से ठंड का असर कम महसूस हो रहा है।
मौसम के आंकड़े इस बदलाव की तस्वीर बयां कर रहे हैं। बीती 10 नवंबर को दून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। खास बात यह है कि करीब दस साल बाद नवंबर में अधिकतम तापमान इस स्तर तक पहुंचा है। इससे पहले दो नवंबर 2016 को भी दून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद से लगातार दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
मौसम के बदले मिजाज का असर केवल दिन तक सीमित नहीं है। रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने के कारण सुबह और शाम को ठंड का अहसास कम हो रहा है। सामान्य तौर पर नवंबर की शुरुआत से ही रातें सर्द होने लगती हैं और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाती है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो रहा है।

