ऋषिकेश के बिजलीघर में आग से मचा हड़कंप, 500 केवीए ट्रांसफार्मर पूरी तरह जला !

Share Now

बैराज स्थित बिजलीघर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगने से 500 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग बुझाई। बिजली गुल होने के बाद बैराज कॉलोनी में करीब 17 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। रविवार शाम चार बजे आपूर्ति बहाल हो पाई। बिजलीघर में ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नजर नहीं आए।

शनिवार रात 11:15 बजे बैराज स्थित बिजलीघर में लगे ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। बिजली घर में मौजूद कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आग बेकाबू हो गई। आग की लपटें तेज होते देख कर्मचारियों ने अपने अधिकारियों और अग्निशमन विभाग को फोन कर जानकारी दी। अग्निशमन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।

रविवार को 11:30 बजे मीडिया की टीम जब बैराज बिजलीघर पहुंची तो वहां पर एक कूलर ही दिखा। वह भी बंद पड़ा था। दूसरे ट्रांसफार्मर के पास कूलर नहीं था। परिसर के आगे और पीछे गाजर घास उगी थी। बिजलीघर के बाहर पोलों पर बेल चढ़ रही थी। इस बिजलीघर में दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। एक ट्रांसफार्मर 500 केवीए (फुंक गया) और दूसरा 10 एमवीए का है।

बैराज कॉलोनी में 17 घंटे बाद आई बिजली
बैराज बिजलीघर में आग लगने की घटना के बाद ट्रांसफार्मर फुंकने से बैराज कॉलोनी में रात 11:35 बजे से शाम चार बजे तक बिजली गुल रही। लोग बिजलीघर के नंबर पर फोन करते रहे। कुछ लोग स्वयं ही बिजलीघर पहुंच गए। शाम चार बजे बिजली आपूर्ति सुचारु की गई। वहीं ट्रांसफार्मर जलने के दौरान बिजलीघर के अंदर विस्थापित फीडर के पैनल में लगा मीटर भी जल गया।


पशुलोक विस्थापित कॉलोनी में दो दिन से बिजली गुल

पशुलोक विस्थापित कॉलोनी और पशुपालन विभाग की कॉलोनी में दो दिन से बिजली गुल है। ऊर्जा निगम की ओर से कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बिजलीघर पर आकर बताया कि क्षेत्र में बिजली का वोल्टेज कम ज्यादा होने की शिकायत थी। उसके बाद दो दिन से बिजली गुल है, जिससे करीब 100 परिवार प्रभावित हैं। जबकि बैराज कॉलोनी में 200 परिवार प्रभावित रहे।

अस्थायी ट्रांसफार्मर लगाकर की आपूर्ति
500 केवीए ट्रांसफार्मर जलने के बाद ऊर्जा निगम की ओर से अस्थायी ट्रांसफार्मर लगाकर व्यवस्था बनाई गई। इसके लिए अतिरिक्त केबल भी डाली गई।


कोट-

बैराज बिजलीघर में आग लगने से 500 केवीए ट्रांसफार्मर जल गया था। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अस्थायी ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। बैराज कॉलोनी में शाम चार बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। – अर्चित वर्मा, उपखंड अधिकारी, ऊर्जा निगम, नगर निगम क्षेत्र


Share Now