
सोनानदी और पाखरो के घने जंगल, नदियां, झरने और विशाल घास के मैदान भी पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। वन्यजीवों के साथ प्राकृतिक सुंदरता का दीदार यहां आने वाले पर्यटकों के लिए खास अनुभव बन रहा है। ऐसे में अब जंगल सफारी के लिए बुकिंग फुल है।

घने जंगलों में जिप्सी सफारी और प्राकृतिक आवास में वन्यजीवों का दीदार पर्यटकों को सोनानदी और पाखरो पर्यटन जोन की ओर आकर्षित कर रहा है। मानसून के बाद 15 नवंबर से शुरू हुए पर्यटन सत्र के पहले सप्ताह में ही दोनों जोन में 23 जिप्सियों की बुकिंग हुई, जिनसे 145 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। दिसंबर तक की एडवांस बुकिंग भी हो चुकी है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत सोनानदी वन्यजीव विहार के वतनवासा-हल्दूपड़ाव और पाखरो जोन में पर्यटकों को बाघ, तेंदुए, हाथियों और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को देखने का मौका मिल रहा है। जिप्सी चालक शिव सिंह ने बताया कि पर्यटक बर्ड वॉचिंग में भी खास दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

