
रुद्रपुर, उत्तराखंड। डीपीएस रुद्रपुर में शनिवार से सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य आगाज़ हुआ। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों से करीब 1,500 खिलाड़ी और प्रशिक्षक हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता के संचालन के लिए 350 से अधिक तकनीकी अधिकारी, रेफरी, निर्णायक और आयोजन अधिकारी भी मौजूद हैं। उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और खेल भावना पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं एस.पी. सॉल्वेंट के प्रबंध निदेशक पवन अग्रवाल और रुद्रपुर सॉल्वेंट के निदेशक अशोक बंसल विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन को युवाओं के लिए प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का महत्वपूर्ण मंच बताया। वहीं डीपीएस रुद्रपुर के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ खेलों को भी बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

आगामी दिनों में अलग-अलग आयु वर्गों में फेंसिंग की प्रतियोगिताएं होंगी, जिसमें देशभर से आए युवा खिलाड़ी अपना हुनर दिखाएंगे। सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप का समापन 2 अक्टूबर 2026 को होगा।

