ऊधमसिंह नगर के मरीजों को बड़ी राहत: मेडिकल कॉलेज में जल्द शुरू होगी एमआरआई जांच !

Share Now

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में जल्द एमआरआई जांच की सुविधा शुरू होने जा रही है। अभी तक एमआरआई के लिए मरीजों को हल्द्वानी एसटीएच, बरेली या निजी अस्पताल में जाना पड़ता था जहां लंबी वेटिंग और भारी खर्च उठाना पड़ता था।

मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन स्थापित कर दी गई है। ट्रायल रन पूरा हो चुका है और रेडियोलॉजी विभाग के टेक्नीशियनों का प्रशिक्षण भी पूरा कर लिया गया है। जल्द मरीजों की एमआरआई जांच शुरू कर दी जाएगी।

आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क रहेगी जबकि अन्य मरीजों के लिए सरकारी रेट पर जांच होगी जो निजी लैब की तुलना में आधी होगी। एमआरआई के साथ मेडिकल कॉलेज की लैब और इमरजेंसी व्यवस्थाओं को भी अपडेट किया जा रहा है। पैथोलॉजी लैब में ऑटो एनालाइजर मशीनें बढ़ाई गई हैं जिससे अब खून, यूरिन और अन्य सैंपल की रिपोर्ट दो घंटे के अंदर मिल जाएगी।

एमआरआई जांच की सुविधा 15 से 20 दिन में शुरू हो जाएगी। इसके बाद रोजाना 40 से 50 मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न्यूरो, ऑर्थो और कैंसर से जुड़े मरीजों के इलाज में तेजी आएगी। मेडिकल कॉलेज में लैब और अन्य व्यवस्थाओं को भी अपडेट किया जा रहा है। – डॉ. सीपी भैसोड़ा, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज

Share Now