उत्तरकाशी में केदारताल ट्रैक पर बड़ा हादसा, दो पर्वतारोही अब भी लापता !

Share Now

केदारताल ट्रैक पर हादसे के बाद लापता पर्वतारोहियों को खोजने का अभियान लगातार जारी है। बर्फीले और दुर्गम रास्तों के बीच रेस्क्यू टीम को दो और शव मिले हैं। खराब मौसम के चलते शवों को नीचे लाने में भी परेशानी हो रही है।

केदारताल ट्रैक पर लापता पर्वतारोहियों की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। बृहस्पतिवार को दो और शव बरामद हुए हैं। इसके साथ ही हादसे में मृत मिले पर्वतारोहियों की संख्या छह हो गई है। निम और एसडीआरएफ की टीम ने ट्रैक पर खोजबीन के दौरान दोनों शव बरामद किए।

एयर टर्बुलेंस के कारण हेलिकॉप्टर से शवों को नीचे नहीं लाया जा सका। अब शुक्रवार को हेलिकॉप्टर के माध्यम से दोनों शवों को मातली हेलिपैड लाने की तैयारी है। इससे पहले बुधवार तक चार पर्वतारोहियों के शव बरामद किए जा चुके थे। इनमें लखनऊ निवासी सगी बहनें दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा भी शामिल थीं।

अन्य दो शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। गत बुधवार को मौसम खराब होने के कारण खोजबीन अभियान प्रभावित रहा। बृहस्पतिवार को एनआईएम और एसडीआरएफ की टीम ने अभियान आगे बढ़ाया और दो अन्य लापता पर्वतारोहियों के शव खोज निकाले।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि बृहस्पतिवार को दो और शव बरामद किए गए हैं। एयर टर्बुलेंस के चलते हेलिकॉप्टर से शवों को नीचे नहीं लाया जा सका। आज शुक्रवार को हेलिकॉप्टर के माध्यम से दोनों शवों को नीचे लाने का प्रयास किया जाएगा। अभी भी दो पर्वतारोहियों लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अभियान जारी है।

Share Now