
यमुनोत्री यात्रा के प्रमुख पड़ाव जानकीचट्टी में शुक्रवार सुबह यात्रियों को लेकर कुली एजेंसी के मजदूरों के बीच खींचतान की स्थिति बन गई। यात्रियों को अपनी-अपनी ओर बुलाने के दौरान हुए हंगामे से वहां कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल रहा।

यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के प्रमुख पड़ाव जानकीचट्टी में शुक्रवार सुबह कुली एजेंसी के मजदूरों के बीच यात्रियों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर खींचतान और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल रहा।
बताया गया कि सुबह के समय जानकीचट्टी में यात्रियों की आवाजाही के बीच कुली एजेंसी से जुड़े मजदूर श्रद्धालुओं को अपनी-अपनी ओर बुलाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मजदूरों के बीच हुड़दंग और धक्का-मुक्की होने लगी। अचानक हुए हंगामे से वहां मौजूद यात्री भी परेशान हो गए।
यात्रा सीजन के दौरान जानकीचट्टी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां से आगे की यात्रा के लिए यात्रियों को पैदल मार्ग का रुख करना पड़ता है। ऐसे में यात्रा पड़ाव पर इस तरह की स्थिति बनने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

