हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के ‘शुद्धिकरण’ का मामला सामने आया था। इसके बाद से ही कांग्रेस में उबाल है। आज बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सीएम आवास कूच करेंगे।
हल्द्वानी में शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस सोमवार को सीएम आवास का घेराव करेगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस ने घेराव कार्यक्रम के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी पूरी कर ली है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी दून पहुंच चुकी हैं।
आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल शुद्धिकरण मामला तूल पकड़ रहा है। प्रदेश के सभी पुलिस थानों में तहरीर देने पर भी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज न करने और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज के विरोध कांग्रेस आक्रामक है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास घेराव करेगी, इसमें प्रदेशभर के पार्टी नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि घेराव कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने आरोप लगाया भाजपा सरकार ने उत्तराखंड के लोगों की भावना के विश्वासघात किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद अपने ही लोगों से शुद्धिकरण कराया। आगामी चुनाव के लिए भाजपा हर तरह के हथकंडे अपना रही है।