दुःखद 🔴: जम्मू कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ में नैनीताल रतिघाट का जवान शहीद

Share Now

गरमपानी (नैनीताल):- जम्मू कश्मीर के राजौरी में बुधवार को आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में नैनीताल के रतीघाट निवासी लांस नायक संजय बिष्ट शहीद हो गए हैं। वह लांस नायक के पद पर तैनात थे। सैन्य अधिकारियों ने संजय के परिजनों को यह दुखद सूचना दी। शुक्रवार सुबह तक इस जांबाज का शव घर पहुंचने की संभावना है।

शहीद संजय के पिता दीवान सिंह खैरना पोस्ट ऑफिस में तैनात हैं। शहीद के भाई नीरज ने बताया कि इंटरमीडिएट करने के बाद वर्ष 2011-12 में संजय रानीखेत में हुई भर्ती में चयनित हुए थे। संजय को बचपन से ही सेना में भर्ती होने का जुनून था। बुधवार को राजौरी के कालाकोट क्षेत्र के गुलाबगढ़ जंगल में एक सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई आतंकी मुठभेड़ में 2 कैप्टन और 2 जवान शहीद हो गए थे। इनमें नैनीताल जिले के रातीघाट निवासी संजय बिष्ट भी शामिल थे। वह अविवाहित थे। उनकी शहादत की सूचना पर पिता, मां मंजू बिष्ट, बहन ममता और विनीता बिष्ट के आंसू नहीं थम रहे। उनकी शहादत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पूर्व विधायक संजीव आर्या ने शोक जताया है


Share Now