
हल्द्वानी। जन्माष्टमी पर फूल और फलों की मांग बढ़ने के साथ ही इनके दाम भी चढ़ गए हैं। लगातार बारिश के कारण फूलों की आवक प्रभावित होने से बाजार में कीमतों में इजाफा हुआ है। मंदिरों की सजावट और पूजा के लिए गुलाब व गेंदा की मांग सबसे अधिक है। वहीं, प्रसाद और पूजा में इस्तेमाल होने वाले केला, अमरूद और सेब के भाव भी बढ़ गए हैं।
फूल कारोबारी जसप्रीत सिंह ने बताया कि जन्माष्टमी पर गुलाब और गेंदा की मांग सबसे अधिक रहती है। बारिश के कारण फूलों की आवक प्रभावित होने से दाम बढ़े हैं। फूल कारोबारी जुनैर ने बताया कि अधिकतर फूल स्थानीय बाजार से आ रहे हैं लेकिन बारिश के चलते पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में कारोबार कुछ धीमा है।
कारोबारियों के अनुसार, जन्माष्टमी पर हल्द्वानी में 15 से 20 क्विंटल फूलों की खपत होती है। गुलाब 250 से बढ़कर 350 रुपये और गेंदा 300 से बढ़कर 400 रुपये किलो हो गया है। मोंगरा भी 6000 से बढ़कर 8000 रुपये किलो पहुंच गया है। जरबेरा और रजनीगंधा के भाव में भी बढ़ोतरी हुई है।

