
उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत देहरादून में वॉकथॉन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ओएनजीसी डॉ. बीआर आंबेडकर मैदान से वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डॉ. बीआर आंबेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी, देहरादून में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और स्वस्थ व सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संदेश देने वाला अभियान है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं से खेल, योग और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अच्छी संगति और सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। कहा कि युवा इस अभियान में केवल सहभागी ही नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता भी बनें और दूसरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

