
कांग्रेस के अनुसार 2.5 लाख से ज्यादा छात्रों ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है। इससे कांग्रेसी गदगद नजर आ रहे हैं लेकिन इस संभावित भीड़ को संभालने के लिए कांग्रेस की इंटरनल टीम लगी हुई है।

छात्रों की गूंज कार्यक्रम की सफलता के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। परेड ग्राउंड की जगह बन्नू कॉलेज ग्राउंड में भले ही कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है लेकिन जोश पहले से कहीं ज्यादा है। कांग्रेस के अनुसार 2.5 लाख से ज्यादा छात्रों ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है। इससे कांग्रेसी गदगद नजर आ रहे हैं लेकिन इस संभावित भीड़ को संभालने के लिए कांग्रेस की इंटरनल टीम लगी हुई है।
कांग्रेस सेवादल को छात्रों की मदद के लिए तैयार किया गया है। छात्रों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो और कार्यक्रम स्थल तक वह पहुंच जाएं, इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है। पीने के पानी की कमी भी न हो इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था कराई गई है।
महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि राहुल गांधी के साथ संवाद करने के लिए लोगों में जिज्ञासा है। इसलिए 2.5 लाख से ज्यादा छात्रों ने पंजीकरण कराया है। अब इनमें से कितने लोग पंडाल में पहुंचेंगे यह देखना होगा। हालांकि यह तय है कि पंडाल में पंजीकरण कराने वालों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो ऐसे में हेल्प डेस्क भी वहीं पर बनाई जाएगी और क्यूआर भी लगाए जाएंगे ताकि छात्र कार्यक्रम स्थल पर भी अपना पंजीकरण कर सकें।
राहुल गांधी के स्टेज के पास ही 150 वरिष्ठ नेताओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। यहां पर केंद्र और प्रदेश स्तरीय वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक सहित अन्य नेताओं की बैठने के लिए पास जारी किए जाएंगे। जिनके पास पास होंगे वही लोग वहां पर बैठ पाएंगे। बिना पास के यहां भी किसी नेता को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।


