
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर शव खाई में फेंक दिया गया। डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में दरेड़ नदी के किनारे खाई में शव मिलने से सनसनी फैल गई।

मांडूवाला में मदन की हत्या के मामले में पुलिस को उसके किसी करीबी पर ही साजिश रचने का शक है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मदन को सुनसान इलाके में ले जाकर बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया और इसके बाद शव को दरेड नदी के पास खाई में फेंक दिया गया। मामले में मदन की पत्नी मीना के फरार होने से भी पुलिस का शक गहरा गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और उसके संबंध में अहम सुराग जुटाए गए हैं।
मदन मूल रूप से सहरसा, बिहार का रहने वाला था। वह करीब 38 वर्ष का था और पिछले कई वर्षों से परिवार सहित देहरादून में रह रहा था। मांडूवाला में किराये के मकान में पत्नी मीना और दो बच्चों के साथ रहता था। उसकी बेटी करीब 14 साल और बेटा करीब 12 साल का है।

