देहरादून रेलवे स्टेशन: ट्रेनों में चला सघन चेकिंग अभियान, भोजन की गुणवत्ता जांची गई; धूम्रपान करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई !

Share Now

रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित खानपान उपलब्ध कराने के लिए रेलवे अधिकारियों ने दिनभर निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और यात्रियों को रेलवन एप की सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

रेलवे ने देहरादून आने वाली सभी ट्रेनों में सुबह से शाम सात बजे तक सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान भोजनयान, लघु भोजनयान और स्टेशनों पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। अभियान के तहत धूम्रपान करने वाले यात्रियों पर दो हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

जांच दल ने शताब्दी ट्रेन के लघु भोजनयान से टमाटर सूप का नमूना लिया। इस नमूने को आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इससे पहले भी पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था। अधिकारियों ने यात्रियों को रेलवन एप के बारे में जागरूक किया।

यह एप यात्रियों को विभिन्न रेल सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी प्रदान करता है। इस अभियान में सहायक मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक हरि सिंह मीणा, सीआईटी सुहेल खान, ओएसएचआई दौलत सिंह, वाणिज्यिक निरीक्षक एसके अग्रवाल और आरपीएफ थाना प्रभारी पंकज यादव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ

रेलवे ने 17 सितंबर से 15 अक्तूबर तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े का भी शुभारंभ किया। इस दौरान रेलवे परिसर और ट्रेनों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एक कार्यक्रम में स्टेशन प्रभारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। यह शपथ एसीएम की उपस्थिति में ली गई। पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य यात्रियों और रेलवे कर्मियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

 


Share Now