
रुद्रपुर में ब्लिंकिट स्टोर के बाहर डिलीवरी वर्कर्स ने अपनी मांगों को लेकर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर डिलीवरी सेवा ठप कर दी।

रुद्रपुर के मलिक कॉलोनी स्थित ब्लिंकिट स्टोर के बाहर डिलीवरी वर्कर्स ने अपनी मांगों को लेकर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर डिलीवरी सेवा ठप कर दी। आरोप है कि लंबे समय से मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार की देर रात अचानक ब्लिंकिट स्टोर के बाहर डिलीवरी वर्कर्स ने काम ठप कर अपनी मांगों को लेकर हंगामा कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया गया कि स्टोर पर प्रतिदिन करीब 2500 ऑर्डर आते हैं, जबकि पर्याप्त संख्या में पेपर बैग उपलब्ध नहीं कराए जाते। उनका कहना है कि कंपनी बैग का शुल्क लेने के बावजूद कई ऑर्डर बिना बैग के भेजती है, जिससे डिलीवरी कर्मचारियों को ग्राहकों के सामने असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।


