एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश के चौधरी और महासचिव चंद्रभान ने बताया कि मांगों पर कार्रवाई के लिए कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से प्रशासन के समक्ष बात रखी गई है। लेकिन प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। चौधरी ने कहा कि पात्र नर्सिंग अधिकारियों का प्रोबेशन पूर्ण करना, वरिष्ठता सूची प्रकाशित करना, समयबद्ध पदोन्नति, ईएचएस योजना के अंतर्गत सभी आवश्यक दवाइयों एवं नियमित जांचों की उपलब्धता सहित कई अन्य मांगें लंबे समय से प्रशासन से की जा रही हैं। महासचिव चंद्रभान ने बताया कि संगठन 19 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। इससे पूर्व संगठन के सभी सदस्य 16 जुलाई से काला बैज पहन कर विरोध जताएंगे, 18 जुलाई को शांतिपूर्ण रैली निकालेंगे।