डीपीएस रुद्रपुर में सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य समापन, अंडर-19 बालिका वर्ग में मेजबान स्कूल बना राष्ट्रीय ओवरऑल चैंपियन !

Share Now

रुद्रपुर, 2 अक्टूबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप–2026 का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में देशभर के 22 राज्यों से 1,500 से अधिक खिलाड़ी एवं प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (वित्त), ऊधम सिंह नगर कौस्तुभ मिश्रा रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए तथा खेलों को अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के ओवरऑल चैंपियन विद्यालयों की घोषणा की गई।

अंडर-14 बालक वर्ग में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल देहरादून, अंडर-14 बालिका वर्ग में शिव नाडर स्कूल फरीदाबाद, अंडर-17 बालक वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल उत्तराखंड और अंडर-17 बालिका वर्ग में आईईएस पब्लिक स्कूल भोपाल विजेता रहे।

अंडर-19 बालिका वर्ग में मेजबान डीपीएस रुद्रपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल, रोहिणी दूसरे और जेसीस पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में पी.एन. नेशनल पब्लिक स्कूल, गोरखपुर प्रथम रहा।

विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता अनुशासन, समर्पण, खेल भावना और उत्कृष्टता का उत्सव रही। सात दिनों तक चले इस राष्ट्रीय आयोजन का समापन शानदार मुकाबलों और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ हुआ।


Share Now