
किच्छा, 27 अक्टूबर। नवनियुक्त राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश आर्या के प्रथम बार किच्छा आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। भाजपा नेता एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह के कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर सांसद का स्वागत किया।
इस दौरान राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या ने किच्छा स्थित दीनदयाल चौक पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों को याद करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिनेश आर्या ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने किच्छा-पंतनगर विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा की जीत का भरोसा जताया और कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
भाजपा नेता विवेक दीप सिंह ने सांसद दिनेश आर्या का स्वागत करते हुए कहा कि उनका राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद के मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, क्षेत्रीय विकास और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, पूर्व मंडल अध्यक्ष लवी सहगल, लता सिंह, जिला मंत्री अक्षय अरोड़ा, संजीव कुमार सिंह, संजीव खन्ना, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिट्टू चौहान, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष हारुन मलिक, महिला मोर्चा की पदाधिकारी प्रेमलता चौहान, कविता मान, ऋतु अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या को शुभकामनाएं दीं।

