
कर्णप्रयाग। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में इस सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू होगी। प्रवेश की अंतिम तिथि दस अगस्त निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय ने इस सत्र में नए पाठ्यक्रमों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 आधारित प्रावधानों और कई नई सुविधाओं की घोषणा की है। क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक डॉ. आरसी भट्ट ने बताया कि विश्वविद्यालय 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा और 29 प्रमाणपत्र (कुल 95 कार्यक्रम) कार्यक्रम पेश करेगा। इस वर्ष डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज और मानवाधिकार प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं। सहायक निदेशक प्रियंका लोहानी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप सेमेस्टर आधारित पाठ्यक्रमों में अब सेमेस्टर वार फीस जमा की जा सकेगी। इससे विद्यार्थियों पर एकमुश्त आर्थिक बोझ कम होगा। संवाद


