
उत्तराखंड में आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए कांग्रेस संगठन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल दो दिवसीय दौरे पर देहरादून में नेताओं और विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ मंथन करेंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल आज बृहस्पतिवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। इस दौरान वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी व संगठनात्मक रणनीति का मंत्र देंगे।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल नौ जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे। पार्टी नेताओं के साथ की संगठनात्मक मुद्दों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही आगामी चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, राष्ट्रीय महासचिव के दौरे से पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार होगा।


