
मलबा आने से यमुनोत्री हाईवे बाधित है। दूसरी तरफ कर्णप्रयाग में सिमली मार्ग पर भारी बोल्डर गिर गए हैं।

यमुनोत्री घाटी में मध्य रात्रि से लगातार हो रही बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे स्याना चट्टी सहित कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से आवाजाही बंद हो गई है। लगातार बारिश के कारण सड़क खोलने का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। वहीं कर्णप्रयाग सिमली मार्ग पर भी बोल्डर गिर गए।
दून समेत 12 जिलों में कल स्कूल रहेंगे बंद
बागेश्वर को छोड़कर बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, देहरादून और टिहरी समेत 11 जिलों में जिला प्रशासन ने स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए किए। सभी आंगनबाड़ी केंद्र और कक्षा एक से 12 तक के स्कूल बंद रहेंगे।
आज माैसम का रेड व प्रशासन का हाई अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 20 जुलाई को रेड अलर्ट और 21 जुलाई को फिर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि में कई स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर लगातार स्थिति पर नजर रखें। भूस्खलन और जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें, राहत एवं बचाव उपकरण, आवश्यक मानव संसाधन और अन्य संसाधनों की पहले से तैनाती की जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत आवश्यक कार्रवाई शुरू की जा सके।


