भारी बारिश का कहर: स्याना चट्टी के पास भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे ठप, आवाजाही बार-बार प्रभावित !

Share Now

उत्तरकाशी स्याना चट्टी के पास भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे बंद है। मौसम विभाग ने आज देहरादून समेत पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच यमुनोत्री हाईवे पर स्याना चट्टी के पास भूस्खलन होने से आवाजाही प्रभावित हो गई है। यमुनोत्री हाईवे चौड़ीकरण कार्य के चलते निर्माण कार्य एजेंसी की लापरवाही के कारण आए दिन घंटों तक स्याना चट्टी के पास भूस्खलन से आवाजाही बंद होने से श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों की परेशानी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार सुबह तड़के से यमुनोत्री हाईवे बंद है।

स्याना चट्टी से जानकीचट्टी के बीच जगह-जगह मलबा और पत्थर आने से आवाजाही बेहद जोखिम भरी हो गई है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेशभर में आज तेज दौर की बारिश होने की संभावना जताई गई है। केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को देहरादून समेत पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में बिजली चमकने और तेज दौर की बारिश होने की संभावना है।

मानसून को लेकर हरिद्वार प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश 

मानसून को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश होने पर गंगा का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश प्रशासन आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं। खानपुर और लक्सर क्षेत्रों में सैंडबैग और नौकाओं की व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जलस्तर बढ़ते ही तत्काल कार्रवाई की जाती है। वहीं, जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी के लिए सक्शन लाइन और पाइप भी तैनात किए गए हैं। 


Share Now