
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 का शंखनाद कर दिया है। पार्टी ने शनिवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि 16 राज्य और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 195 सीटों के उम्मीदवार तय कर दिए गए हैं। बाकी सीटों पर मंथन चल रहा है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। अमित शाह गांधीनगर से चुनावी मैदान में होंगे। 34 केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों के नाम भी इस सूची में हैं। इसके अलावा दिवंगत सुषमा स्वराज की बेटी को भी लोकसभा का टिकट दिया गया है।

उत्तराखंड में भी भाजपा ने तीन लोकसभा सीटों से प्रत्यशियों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने टिहरी गढ़वाल, नैनीताल और अल्मोड़ा लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित की है। जबकि हरिद्वार और पौड़ी सीट से अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इन दोनों सीटों पर जल्द प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे।
भाजपा ने इन तीन सीटों पर प्रत्याशी रिपीट किए हैं। टिहरी गढ़वाल सीट से माला राज्यलक्ष्मी शाह, नैनीताल सीट से अजय भट्ट और अल्मोड़ा सीट से अजय टम्टा को उम्मीदवार बनाया गया है। बता दें कि, उत्तराखंड में पांच लोकसभा सीट है। भाजपा इस बार पांचों सीटों में जीतकर हैट्रिक बनाना चाहती है।






