Nainital News: बारिश से फूलों की आवक प्रभावित, जन्माष्टमी पर गुलाब-गेंदा के दाम चढ़े !

Share Now

 

हल्द्वानी। जन्माष्टमी पर फूल और फलों की मांग बढ़ने के साथ ही इनके दाम भी चढ़ गए हैं। लगातार बारिश के कारण फूलों की आवक प्रभावित होने से बाजार में कीमतों में इजाफा हुआ है। मंदिरों की सजावट और पूजा के लिए गुलाब व गेंदा की मांग सबसे अधिक है। वहीं, प्रसाद और पूजा में इस्तेमाल होने वाले केला, अमरूद और सेब के भाव भी बढ़ गए हैं।

फूल कारोबारी जसप्रीत सिंह ने बताया कि जन्माष्टमी पर गुलाब और गेंदा की मांग सबसे अधिक रहती है। बारिश के कारण फूलों की आवक प्रभावित होने से दाम बढ़े हैं। फूल कारोबारी जुनैर ने बताया कि अधिकतर फूल स्थानीय बाजार से आ रहे हैं लेकिन बारिश के चलते पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में कारोबार कुछ धीमा है।

कारोबारियों के अनुसार, जन्माष्टमी पर हल्द्वानी में 15 से 20 क्विंटल फूलों की खपत होती है। गुलाब 250 से बढ़कर 350 रुपये और गेंदा 300 से बढ़कर 400 रुपये किलो हो गया है। मोंगरा भी 6000 से बढ़कर 8000 रुपये किलो पहुंच गया है। जरबेरा और रजनीगंधा के भाव में भी बढ़ोतरी हुई है।

फूलों के भाव

फूल पहले अब रुपये किलो
मोंगरा 6000 8000 रुपये किलो
गुलाब 250 350 रुपये किलो
गेंदा 300 400 रुपये किलो
रजनीगंधा 15 20 रुपये पीस
जरबेरा 12 15 रुपये पीस

फलों की बढ़ी मांग तो चढ़ गए भाव
जन्माष्टमी पर पूजा और प्रसाद के लिए फलों की मांग बढ़ने से इनके दाम भी चढ़ गए हैं। कारोबारियों के अनुसार बारिश के कारण मंडियों में आवक कम होने से कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। केला 50-60 से बढ़कर 70-80 रुपये दर्जन, अमरूद 80 से बढ़कर 100 रुपये किलो हो गया है। सेब 150 से बढ़कर 180 रुपये तक पहुंच गया है।


Share Now