
देहरादून। उत्तराखण्ड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल छाए हुए हैं। मौसम के तेवरों को देखते हुए लगता है कि जल्द मेघ बरसने वाले हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने सात जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश होने से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। यमुनोत्री धाम सहित आसपास के इलाकों में बर्फबारी हुई। वहीं यमुना के मायके खरशालीगांव, जानकीचट्टी, नारायण पुरी, फूलचट्टी हनुमान चट्टी क्षेत्र में बारिश, बड़कोट क्षेत्र में बारिश का मौसम बना हुआ है। बर्फबारी के चलते धाम में ठंड बढ़ी। यमुनोत्री धाम से पुरोहित सुनील उनियाल ने बताया कि धाम में डेढ़ घंटे से बर्फबारी हो रही है। जिससे धाम में ठंड बढ़ गई है। गंगोत्री धाम में भागीरथी (गंगा) नदी का जल और नलों का पानी जमने लग गया है। रात का तापमान माइनस 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। सुबह और शाम को हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।







