
रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रुद्रपुर में योनैक्स–सनराइज 25वीं उत्तराखण्ड राज्य सब जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2026 का भव्य शुभारम्भ हुआ। उधम सिंह नगर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 2 से 6 नवम्बर तक चलेगी। इसमें प्रदेशभर के विभिन्न जनपदों से आए अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के सैकड़ों प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि दिवेश शाशनी, आईएएस एवं मुख्य विकास अधिकारी, उधम सिंह नगर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व निर्माण का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में डीपीएस रुद्रपुर के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष पुष्कर राज जैन और सचिव विष्णु सक्सेना सहित अनेक गणमान्य अतिथि, खेल अधिकारी, कोच, अभिभावक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यालय की आधुनिक खेल सुविधाओं और युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।

प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कोर्ट पर शटलरों ने शानदार खेल कौशल, फुर्ती और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आगामी दिनों में प्रदेश के उभरते हुए बैडमिंटन खिलाड़ी विभिन्न मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन के साथ डीपीएस रुद्रपुर ने एक बार फिर शिक्षा के साथ खेलों में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है। यह चैम्पियनशिप युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। क्योंकि चैंपियन केवल विजेता नहीं होते, बल्कि अनुशासन, समर्पण और अथक परिश्रम से तैयार होते हैं।

