
निवेश कुंभ में आदित्य बिड़ला सनलाइफ एएमसी लिमिटेड के इन्वेस्टर एजुकेशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन डेवलपमेंट के हेड सिद्धार्थ दमानी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

वित्तीय लक्ष्यों और जरूरतों को समझकर सुरक्षित निवेश करेंगे तो वित्तीय आत्मनिर्भरता हासिल होगी। ध्यान यह भी रखना होगा कि सुरक्षा के नाम पर निवेश इतना सीमित न हो कि अपेक्षित लाभ ही न मिले। यह सब बातें शुक्रवार को अमर उजाला और आदित्य बिड़ला सनलाइफ म्यूचुअल फंड की ओर से आयोजित निवेश कुंभ में वित्तीय विशेषज्ञों ने बताईं। हरिद्वार बाईपास पर आईएसबीटी के पास स्थित होटल गेटवे में हुए इस कार्यक्रम में सुरक्षित निवेश, वित्तीय आत्मनिर्भरता और साइबर जागरूकता विषयों पर विभिन्न सत्र हुए।
कार्यक्रम में आदित्य बिड़ला सनलाइफ एएमसी लिमिटेड के इन्वेस्टर एजुकेशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन डेवलपमेंट के हेड सिद्धार्थ दमानी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति सुरक्षित निवेश करना चाहता है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर इतना सीमित निवेश भी नहीं करना चाहिए कि उससे अपेक्षित लाभ ही न मिल सके। सही निवेश के लिए अपने वित्तीय लक्ष्यों और जरूरतों को समझना बेहद जरूरी है। कहा कि वित्तीय स्वतंत्रता तब हासिल होती है, जब हम जिस पैसे के लिए मेहनत करते हैं, वही पैसा भी हमारे लिए कमाई करने लगे। इसके लिए जरूरी है कि निवेश को लेकर सही सोच विकसित की जाए।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के दौर में केवल बचत करना पर्याप्त नहीं है। लोगों को शॉर्ट टर्म सुविधाओं और खर्चों के आकर्षण से बाहर निकलकर भविष्य के लिए निवेश की आदत विकसित करनी होगी। अक्सर लोग निवेश के फैसले को भविष्य पर टालते रहते हैं, जबकि यही आदत वित्तीय स्वतंत्रता की राह में बाधा बनती है। उन्होंने खराब आर्थिक परिस्थितियों में भावनाओं पर नियंत्रण रखने और निवेश संबंधी फैसले सोच-समझकर लेने की सलाह दी। कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवा आबादी, डिजिटल अपनाने की क्षमता और मजबूत अर्थव्यवस्था की अहम भूमिका होगी। शिक्षित निवेशक ही देश की आर्थिक प्रगति को गति दे सकते हैं। वहीं, इस मौके पर एसएन इन्वेस्टमेंट के संस्थापक पंकज जायसवाल, नरूला इन्वेस्टमेंट के संस्थापक मनोज कुमार नरूला, स्टर्लिंग पोर्टफोलियो के संस्थापक राजेंद्र बिष्ट और फाइनेंशियल पांडा के संस्थापक अमित पांडे ने निवेश से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की साथ ही लोगों के सवालों के जवाब भी दिए।


