जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में ‘कक्षा में AI के उपयोग’ विषय पर CBSE कार्यशाला आयोजित !

Share Now

जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) उत्कृष्टता केंद्र, देहरादून के तत्वावधान में ‘कक्षा में AI के उपयोग’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ श्रीमती नीलिमा उपाध्याय, PGT, BLM अकादमी, हल्द्वानी तथा श्री अमन अग्रवाल, उपप्रधानाचार्य, सिंह इंटरनेशनल स्कूल, खटीमा ने शिक्षकों को संबोधित किया।

कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को AI आधारित पर्सनलाइज्ड लर्निंग प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के माध्यम से विद्यार्थियों की व्यक्तिगत सीखने की आवश्यकताओं को समझने तथा उनके अनुरूप शिक्षण रणनीतियाँ विकसित करने के लिए प्रशिक्षित करना था।

विशेषज्ञों ने विभिन्न गतिविधियों एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से AI की अवधारणा, शिक्षा के क्षेत्र में इसकी संभावनाओं एवं सीमाओं तथा कक्षा-कक्ष शिक्षण को अधिक रोचक, रचनात्मक, प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण बनाने में इसके उपयोग पर प्रकाश डाला। शिक्षकों को AI की सहायता से क्विज एवं प्रेजेंटेशन तैयार करने की प्रक्रिया से भी परिचित कराया गया।

कार्यशाला को चार सत्रों में विभाजित किया गया। प्रथम सत्र में AI की अवधारणा एवं शिक्षा में इसकी संभावनाओं और सीमाओं पर चर्चा हुई। द्वितीय सत्र में AI की सहायता से क्विज एवं प्रेजेंटेशन तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। तृतीय सत्र में NotebookLM एवं Suno App की शैक्षिक उपयोगिता का परिचय कराया गया। चतुर्थ सत्र में AI के प्रयोग में नैतिकता, जिम्मेदारी एवं आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा AI के उपयोग से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक एवं समाधानपरक उत्तर दिया गया।

\

विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों के लिए इस प्रकार की क्षमता निर्माण कार्यशालाएँ अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने आधुनिक तकनीक के समुचित समावेश को विद्यार्थियों के सीखने के नए अवसरों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

 

समापन अवसर पर श्रीमती सिमरनजीत कौर ने विषय विशेषज्ञों एवं सभी प्रतिभागी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा कार्यशाला को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया।

 

 

 

 

 


Share Now