प्रदेश में अगले कई दिन भारी बारिश के आसारा हैं। जिसके चलते मौसम विभाग ने हिदायत देते हुए कहा कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग सतर्क रहें।
उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने विशेष विज्ञप्ति जारी कर 29 अगस्त से दो सितंबर तक राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जो अगले 48 घंटों में और स्पष्ट होकर आगे बढ़ेगा। मानसून टर्फ अमृतसर से लेकर इस सिस्टम तक फैली है। इसके साथ ही उत्तरी पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन तीन सिस्टमों के संयुक्त असर से उत्तराखंड में जमकर बारिश होने की संभावना है।
30 अगस्त को देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर में भारी बारिश के साथ तीव्र से अति तीव्र दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।