
पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से चारों दुकानों को एक-एक कर ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन के निकट अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सोमवार सुबह प्रशासन और मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम के आदेश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एमडीडीए की टीम ने जेसीबी चलाकर चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। एमडीडीए के सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि रॉक स्टोन के निकट अनधिकृत निर्माण को लेकर संजय मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा के खिलाफ प्राधिकरण में वाद दर्ज किया गया था। मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद प्राधिकरण की ओर से 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश के अनुपालन में सोमवार को चार दुकानों का ध्वस्तीकरण किया गया।

