धारचूला के तवाघाट-गुंजी कैलाश यात्रा मार्ग पर गर्बाधार और तंपा मंदिर के बीच पहाड़ी से गिरे मलबे और बोल्डरों ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के चौथे दल के यात्रियों की राह रोक दी।
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला के तवाघाट-गुंजी कैलाश यात्रा मार्ग पर गर्बाधार और तंपा मंदिर के बीच पहाड़ी से गिरे मलबे और बोल्डरों ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के चौथे दल के यात्रियों की राह रोक दी। सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए यात्रियों को धारचूला में रोका गया है। सड़क खुलने पर यात्री रविवार को धारचूला से गुंजी रवाना होंगे।
चौथे दल के 50 यात्रियों को शनिवार को केएमवीएन पर्यटक आवास गृह से गुंजी को रवाना होना था। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। इसी बीच सूचना मिली कि गर्बाधार एवं तंपा मंदिर के बीच सुबह पांच बजे के पास भारी मलबा, बोल्डर गिरे हैं। यात्राधिकारी धन सिंह बिष्ट ने बताया कि सड़क बाधित होने के चलते चौथे दल के यात्रियों को धारचूला में ही रोका गया है।
बीआरओ के कार्मिक जेसीबी से मलबा, बोल्डर हटाकर सड़क खुलने में जुटे हैं। सड़क बंद होने पर पांगला पुलिस ने धारचूला से गुंजी जाने वाले वाहनों को पांगला में ही रोक दिया। करीब पांच-छह वाहन चालक सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं।