
एसआईआर पर विवादों के बीच तीन जिलों में नौ पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। सीईओ ने नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले के लिए अफसर तैनात किए हैं।
प्रदेश में चल रहे एसआईआर पर आपत्तियों के विवाद के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने तीन जिलों हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर व नैनीताल में नौ आईएएस-पीसीएस को पर्यवेक्षक तैनात किया है। ये एसआईआर पर दावे व आपत्तियों के निराकरण की निगरानी करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के आदेश के अनुसार पर्यवेक्षक संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया, जिसमें नोटिस वितरण, तामीली एवं सुनवाई की निगरानी करने के साथ ही चुनाव आयोग की ओर से निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे।
इन अधिकारियों को अपने दैनिक निरीक्षण की आख्या संबंधित मंडलायुक्त के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को सप्ताह में दो बार प्रस्तुत करनी होगी। इसके लिए मैन्युअल ऑन इलेक्टोरल रोल 2023 के तहत निर्धारित पुनरीक्षण प्रक्रिया एवं रिपोर्टिंग प्रारूप का अनुपालन किया जाएगा। आदेश के अनुसार निर्धारित पुनरीक्षण अवधि तक नामित अधिकारी आयोग के नियंत्रण, पर्यवेक्षण एवं अनुशासन के अधीन रहेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

