
रानीखेत के ऐना गांव में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय सागर सिंह बिष्ट की बेरहमी से हत्या, बुआ-दादी पर जानलेवा हमला। पुलिस जांच में खुलासा- दो महीने पहले शादी में स्कूटी पर लगी मामूली खरोंच को लेकर हुए विवाद ने खूनी रंजिश का रूप लिया।

शांतिप्रिय कुमाऊं के ऐना गांव में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड ने न केवल एक जघन्य अपराध की कहानी लिखी है बल्कि हमारे समाज के सामने कई गंभीर और असहज करने वाले सवाल भी खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच में जो चौंकाने वाला खुलासा हुआ है उसके अनुसार महज दो महीने पहले एक शादी समारोह के दौरान स्कूटी पर आए मामूली स्क्रैच (खरोंच) को लेकर उपजा विवाद इस खूनी रंजिश की वजह बना। आरोपी ने इस छोटी सी बात को अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया और बदला लेने की ठान ली।
उसने बाकायदा हथियार खरीदे और पूरी योजना बनाकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। इस खुलासे ने सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या आज की युवा पीढ़ी छोटी-छोटी बातों पर अपना मानसिक संतुलन और धैर्य खोती जा रही है
हिंसक डिजिटल कंटेंट और वेब सीरीज का असर
मामले की जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि आरोपी क्राइम फिल्में और थ्रिलर वेब सीरीज देखने का अत्यधिक आदी था। आशंका जताई जा रही है कि उसने अपराध करने और हमले के क्रूर तरीके इन्हीं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से सीखे। हालांकि किसी भी जघन्य अपराध के लिए केवल फिल्मों या वेब सीरीज को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता लेकिन इस खुलासे के बाद स्थानीय लोगों के बीच हिंसक डिजिटल कंटेंट के युवाओं पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव को लेकर बहस तेज हो गई है। प्रबुद्ध जनों का मानना है कि आज के दौर में युवाओं के भीतर संवाद, धैर्य और गुस्से पर नियंत्रण (एंगर मैनेजमेंट) जैसे जीवन कौशल विकसित करना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है।
एक जिद और तीन जिंदगियां तबाह
ऐना हत्याकांड ने समाज के सामने यह कड़वी सच्चाई ला दी है कि जब गुस्सा, अहंकार और बदले की भावना इंसान के विवेक पर हावी हो जाए, तो उसका अंजाम सिर्फ एक अपराध तक सीमित नहीं रहता, बल्कि कई हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ देता है।


