
प्रदेश में मदरसों को लेकर लागू की गई नई शिक्षा व्यवस्था के पांच महीने बाद भी कई संस्थान इसके दायरे में नहीं आए हैं। इससे बच्चों को दी जा रही शिक्षा की निगरानी और संस्थानों की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, मान्यता प्राप्त मदरसों में भी तय शैक्षिक सुविधाओं की उपलब्धता जांच के घेरे में है।

राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की मान्यता के बिना प्रदेश के कई मदरसों में बच्चों को धार्मिक शिक्षा दी जा रही है, जिनमें बच्चों के लिए न ड्रेस कोड लागू है न ही बैठने के लिए फर्नीचर की समुचित व्यवस्था है। उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ.सुरजित सिंह गांधी के मुताबिक मानकों की अनदेखी करने वाले 14 मदरसों को नोटिस जारी किया है।
प्रदेश सरकार ने मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक जुलाई 2026 को मदरसा बोर्ड को समाप्त कर मदरसों के लिए नई व्यवस्था लागू की थी। जिसके तहत मदरसों को विद्यालयी शिक्षा के पाठ्यक्रम के लिए शिक्षा विभाग और धार्मिक शिक्षा के लिए उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता लेनी थी, लेकिन मदरसा बोर्ड भंग हुए पांच महीने होने को हैं, कई मदरसों ने धार्मिक शिक्षा के लिए प्राधिकरण से मान्यता नहीं ली। जो बिना मान्यता के धार्मिक शिक्षा दे रहे हैं। प्राधिकरण के अध्यक्ष के मुताबिक इनमें अधिकतर मदरसे हरिद्वार जिले में हैं। मदरसों के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इनमें कुछ मदरसों में मस्जिदें बनी हैं, जो बिना मान्यता के धार्मिक शिक्षा दे रहे हैं।

