
Uttarakhand Weather Update: मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय जिलों या ऊंचाई वाले इलाकों में होने वाले बदलाव का सीधा असर मैदान के तापमान में भी देखने को मिलेगा।

उत्तराखंड में दीपावली में मौसम साफ रहेगा। हालांकि पर्वतीय इलाकों में पारा गिरने और हल्का कोहरा छाने से सुबह-शाम के समय ठंड बढ़ने के आसार हैं। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आठ नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का भी अनुमान है। हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
आने वाले दिनों की बात करें तो 11 नवंबर तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा। 12 नवंबर को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 13 नवंबर को एक बार फिर पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं।

