
कानपुर की बेटी मेजर अदिति मिश्रा ने कानपुर के साथ साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है। आर्मी डे के अवसर पर दिल्ली में सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने चार पोस्टेज स्टांप जारी किए। इनमें से एक स्टांप पर अदिति की तस्वीर है। स्टांप पर वह रायफल से लक्ष्य पर निशाना लगाते हुए दिखाई दे रही हैं।

बता दें कि अदिति वर्तमान में असम में तैनात हैं। भारतीय सेना में महिलाओं को स्थायी कमीशन मिलने की खुशी में यह स्टांप जारी किया गया। अदिति के पति अंकुर पांडेय सेना में कर्नल पद पर तैनात हैं। आर्यनगर में रहने वालीं अदिति की मां रूपीना मिश्रा ने बताया कि अदिति ने 2008 में एनसीसी का सी सर्टिफिकेट कोर्स किया था। उस समय सीधे प्रवेश मिलता था जिसके बाद उन्होंने लिखित, साक्षात्कार की परीक्षा पास की। फिर उनकी छह महीने की ट्रेनिंग हुई। वो 22 मार्च 2008 को सेना में लेफ्टिनेंट पद पर रिक्रूट हुईं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई वुडबाइन गार्डेनिया से की। इसके बाद स्नातक किया। रूपीना बोलीं, उनके परिवार में कोई भी सेना में नहीं है।
लेकिन अदिति का सपना देश सेवा करना था। आज उन्होंने अपने इस सपने को सच कर दिखाया है। अगले महीने अदिति का प्रमोशन भी होने वाला है। इसके बाद वो लेफ्टिनेंट कर्नल बन जाएंगीं। अदिति की छोटी बहन अरुणिमा मिश्रा मुंबई में अन्नू कपूर की कंपनी में क्रिएटिव हेड हैं।
उनके पिता किशोर कुमार मिश्रा बिजनेस मैन हैं। जबकि वो खुद आजाद नगर के यशराज पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्या हैं। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई 2020 को सेना में महिलाओं को स्थायी कमीशन दिया गया था।






