
सितारगंज। नगर शुक्रवार को हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की… के जयकारों से गूंज उठा। चारों तरफ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की धूम दिखाई दी। मंदिर रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाते दिखे और बांके बिहारी के दर्शनों के लिए भक्तों का जमावड़ा लगा रहा।
नगर के मौनी बाबा मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, भूमिया मंदिर, शिव मंदिर सहित श्री दुर्गा ज्योति पीठ मंदिर में धूमधाम से जन्माष्टमी मनाई गई। मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गई और जागरण का आयोजन किया गया। साथ ही, लड्डू गोपाल को विशेष मिठाइयों और पकवानों का भोग लगाया गया। वहां संजय गोयल, शिवकुमार मित्तल, महेश मित्तल, भीमसेन गर्ग, नरेश कंसल, शीतल सिंघल, कपिल मित्तल, मुकेश गर्ग आदि थे।
कान्हा-राधा के बाल स्वरूपों ने मोहा मन
गदरपुर। श्री सनातन धर्म मंदिर बुध बाजार में जन्माष्टमी के अवसर पर श्री सनातन धर्म युवा मंच की ओर से आयोजित नटखट कान्हा और प्यारी राधा बाल स्वरूप प्रस्तुति में 102 बच्चों ने प्रतिभाग किया। कान्हा और राधा के बाल स्वरूप में सजे बच्चों ने श्रद्धालुओं और अभिभावकों का मन मोह लिया।
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार शाम रुद्रपुर में मौसम ने ऐसा रंग बदला कि लोगों की जुबां पर एक ही बात थी कि कान्हा के जन्म से पहले ही मेघों ने उनकी अगवानी कर दी। शाम करीब छह बजे अचानक आसमान बादलों से घिर गया और कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई।
जन्माष्टमी के उल्लास के बीच हुई बारिश ने शहर के माहौल को भक्ति और रोमांच से भर दिया। दिनभर उमस और गर्मी से बेहाल शहरवासियों को बारिश ने जहां राहत दी। वहीं, श्रीकृष्ण जन्म के कुछ घंटे पहले हुई इस बारिश को श्रद्धालुओं ने धार्मिक मान्यता से जोड़कर देखा। लोगों का कहना था कि द्वापर युग में भी श्रीकृष्ण जन्म के समय बारिश और यमुना के उफान का उल्लेख मिलता है।
ऐसे में जन्म से पहले मेघों का बरसना महज मौसम का बदलाव नहीं बल्कि कान्हा के आगमन का शुभ संकेत जैसा महसूस हुआ। बारिश के बावजूद मंदिरों में जन्मोत्सव की तैयारियां जारी रहीं। मंदिरों में सजी झांकियां, रोशनी और फूलों की सजावट बारिश के बीच और आकर्षक नजर आई। श्रद्धालु भीगते हुए भी मंदिरों की ओर पहुंचते रहे।
—
खटीमा में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी
खटीमा/मझोला। खटीमा में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूर्व धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया। नगला तराई ग्राम सभा के दमगड़ा गांव स्थित पीपलेश्वर महादेव मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। शाम के समय भजन संध्या का आयोजन किया गया जिसमें आदर्श रामलीला कमेटी ने अपनी सहभागिता की। नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण व राधा की वेभभूषा में नजर आए। वहां पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राम सिंह सामंत, पीतांबर पांडेय, मनोहर थापा, जगमोहन धामी, पंडित दिवाकर भट्ट, पूजा धामी, नेहा मुडेला, नीमा कलौनी, पीतांबर कलौनी, बसंत भट्ट, रमेश तिवारी, राहुल शर्मा, आदि थे।
इधर, मझोला के ग्रामसभा नौसर में तीन मंदिरों पर जन्माष्टमी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। वहां पर अरविंद कुमार मौर्य, प्रदीप कुमार मौर्य, राज नारायण मौर्य, रामलाल मौर्य, जागेश्वर, अशोक मौर्य, जय सिंह, जय सिंह, अर्जुन सिंह, रुस्तम सिंह राणा, हरबंस सिंह, राजेश सिंह, सुखदेव सिंह, अमित सिंह, महेश सिंह, प्रमोद कुमार, करण सिंह, हरपाल सिंह आदि थे। संवाद
फाेटो-04 केटीएम 01पी- खटीमा के दमगड़ा स्थित पीपलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण व राधा की वेशभूषा में बच्चे। स्रोत : ग्रामीण
—
मंदिरों में गूंजे कान्हा के जयकारे
धार्मिक आस्था और हर्षोल्लास से मनाया जन्मोत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर। जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को शहर में धार्मिक आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की और नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से मंदिर गुंजायमान रहे।
इस दौरान शहर के मोटेश्वर महादेव मंदिर, मां बाल सुंदरी देवी मंदिर, नागनाथ मंदिर, बांसियोवाला मंदिर, श्री गंगे बाबा मंदिर, श्री राधा-कृष्ण मंदिर, मां शीतला देवी मंदिर, नवदुर्गा मंदिर, गायत्री देवी मंदिर, मां मनसा देवी मंदिर और गीता भवन में सुंदर झांकियां सजाई गईं। मंदिरों को फूलों और बिजली की झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और झांकियों के दर्शन किए।
पंडित विष्णु गोस्वामी ने हवन-पूजन के बाद भक्तों में प्रसाद वितरित किया। इस दौरान मुख्य सेवक अजय चौहान, अक्षय नायक, विजेंद्र चौहान, गरिमा गोस्वामी आदि श्रद्धालु थे। उधर, शिखर पब्लिक स्कूल में भी जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक पोशाक में आए। स्कूल प्रबंधक अश्वनी कुमार वर्मा ने सभी को जन्माष्टमी की बधाई दी।
–
मटकी फोड़ प्रतियोगिता को देखने उमड़े लोग
बाजपुर। जन्माष्टमी पर श्री शनिदेव मंदिर, बड़े शिव मंदिर, तीन मंदिर, श्री बाला जी घाटा मंदिर, मंडी समिति स्थित मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं। देर रात तक झांकियां देखने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। श्री शनिदेव मंदिर परिसर में बनाई गई बर्फीली गुफा को देखने के लिए दूरदराज से लोग पहुंचे। गांव बरहैनी स्थित दशमेश जूनियर हाई स्कूल मैदान में मटकी फोड़ प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान बच्चों ने राधा-कृष्ण के भजन और गीत-संगीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। मटकी फोड़ प्रतियोगिता के लिए बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। जतिन सैनी की टीम ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता जीती। टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संवाद

