उत्तराखंड में बारिश का कहर: रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद, यमुनोत्री हाईवे पर फिर आया मलबा, ऑरेंज अलर्ट जारी !

Share Now

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन और चारधाम यात्रा दोनों को प्रभावित किया है। ऑरेंज अलर्ट के बीच रुद्रप्रयाग में सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं, जबकि यमुनोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर मलबा और पत्थर गिरने से आवाजाही फिर बाधित हो गई है। यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

मौसम विभाग द्वारा रुद्र्प्रयाग जनपद के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने आज बृहस्पतिवार 30 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

वहीं जिलाधिकारी ने बुधवार देर रात तक जिला आपदा परिचालन केंद्र (कंट्रोल रूम) से मौसम की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों और केदारनाथ यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी करते रहे। उन्होंने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपदवासियों और यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की है।

दूसरी ओर यमुनोत्री हाईवे पर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की परेशानी कम नहीं हो रही है। यमुनोत्री हाईवे पर पाली गाड़, बाडिया गांव के नीचे, हनुमान चट्टी के पास मलबा-पत्थरों के आने से आवाजाही बाधित। पिछले दिनों से हाईवे बंद और यात्रा स्थगित होने के चलते यमुनोत्री हाईवे पर सन्नाटा पसरा हुआ है। हाईवे को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।


Share Now