
ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में घूमने के लिए आए पर्यटक रविवार को वापस दिल्ली लौटे। पर्यटकों के लौटने के दौरान वाहनों का ज्यादा दबाव रहा।जबकि दिल्ली, हरियाणा, यूपी और अन्य राज्यों से ऋषिकेश आने वाले वाहनों की भीड़ कम थी। यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि शनिवार के मुकाबले हाईवे पर वाहनों का दबाव कम था। जो पर्यटक यहां घूमने आए थे वह रविवार को वापस लौटे।इस कारण केवल जाने वाले वाहनों का दबाव था। वहीं तपोवन में वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण यातायात पुलिस मुनि की रेती की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों से आ रहे वाहनों को ब्रह्मपुरी से गरुड़चट्टी पुल होते हुए पशुलोक बैराज भेजा गया। इन वाहनों के कारण पशुलोक बैराज पुल के ऊपर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। कुछ वाहन चालक चीला होकर हरिद्वार रवाना हुए। वहीं देहरादून, पांवटा साहिब, सिरमौर, अंबाला, पानीपत जाने वाले वाहन आईडीपीएल कैनाल गेट से श्यामपुर पुलिस चौकी नेपालीफार्म से आगे रवाना हुए। बाईपास मार्ग पर इंद्रमणि बडोनी चौक से भद्रकाली, ब्रह्मानंद मोड़, तपोवन तिराहा तक वाहनों की लाइनें लगती रहीं।



