
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शनिवार को हरिद्वार-दिल्ली हाईवे के एक होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इसमें प्रतिष्ठान केवल होटल लाइसेंस पर रेस्टोरेंट चला रहा था।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शनिवार को जिले में बड़ी कार्रवाई की है। इसमें होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, नमकीन इकाइयों और किराना प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर गंभीर अनियमितताओं पर कई खाद्य उत्पादों के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी गई। वहीं, विभिन्न कंपनियों के 13 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया जांच में देखा गया कि रेस्टोरेंट के लाइसेंस में चाय, मीट, इंडियन स्वीट्स और बेकरी प्रोडक्ट्स जैसी कई श्रेणियां अंकित नहीं थीं। होटल प्रबंधन आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। किचन में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए अलग सेक्शन नहीं थे। एक ही बर्तन में वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे।
इन अनियमितताओं के चलते मीट उत्पाद, इंडियन स्वीट्स और बेकरी प्रोडक्ट्स की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई गई। इसके अलावा दिलीप जैन ने लक्सर में डेयरियों, नमकीन इकाइयों और किराना दुकानों का निरीक्षण किया। यहां से खुला पनीर, नमकीन और पैक्ड फ्रूटी ड्रिंक के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए।

