
बल्लमपुर-पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिंदूवाला के पास एक स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में रुड़की के बढ़ेड़ी राजपूतान निवासी यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ आशु की मौके पर ही मौत हो गई। वह नई बाइक की डिलीवरी लेने के बाद पांवटा साहिब की ओर जा रहे थे।
सोशल मीडिया पर बाइक राइडिंग और स्टंट के वीडियो युवाओं को खूब आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन कैमरे के सामने रोमांच दिखाने की होड़ कई बार जिंदगी पर भारी पड़ रही है। सहसपुर के हिंदूवाला में यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ आशु की मौत ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि कुछ पल के रोमांच और वीडियो के लिए आखिर कितनी बड़ी कीमत चुकाई जा रही है। हादसे में हेलमेट पहना होने के बावजूद वह छिटककर निकल गया।
स्पोर्ट्स बाइक की तेज रफ्तार और हाईवे पर बढ़ता रोमांच सोशल मीडिया कंटेंट का हिस्सा बनता जा रहा है। युवा महंगी और तेज रफ्तार पकड़ने वाली बाइक लेकर लंबी राइड पर निकलते हैं और कई बार गति, ओवरटेकिंग या वीडियो बनाने के दौरान सड़क पर जोखिम बढ़ जाता है। लेकिन सड़क पर हुई एक छोटी सी चूक कैमरे में कैद होने वाले रोमांच को जिंदगी की सबसे दर्दनाक तस्वीर में बदल सकती है।

