
नियमित रोजगार और मानदेय की मांग को लेकर चल रहे पीआरडी जवानों के आंदोलन में अब विरोध की स्थिति विभाग के भीतर भी सामने आने लगी है। कार्य बहिष्कार में शामिल नहीं होने वाले कर्मचारियों को संगठन के आक्रोश का सामना करना पड़ा। आंदोलनकारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। 30 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच का ऐलान भी किया गया है।

नियमित रोजगार और होमगार्ड के समान मानदेय व डीए की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों का विरोध अब अपने ही विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ भी शुरू हो गया है। शनिवार को कार्य बहिष्कार के बावजूद ड्यूटी कर रहे दो पीआरडी जवानों को संगठन के लोगों ने पकड़ लिया और उनके चेहरे पर कालिख पोत दी। यह कार्रवाई खनन विभाग और खादी विभाग में ड्यूटी कर रहे जवानों के साथ की गई। संगठन ने इसे आंदोलन में साथ नहीं देने के विरोध का तरीका बताया है।
शुक्रवार को पीआरडी जवानों ने परेड ग्राउंड से गांधी पार्क तक कैंडल मार्च निकालकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। मार्च तिब्बती मार्केट, दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए गांधी पार्क पहुंचा। जवानों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। धरना पहले की तरह जारी है और मांगें पूरी होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।

