
श्रीगंगानगर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले स्थित सूरतगढ़ सुपर थर्मल पावर प्लांट परिसर में 500 पौधों का वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान में प्लांट के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व चीफ इंजीनियर राकेश कुमार शर्मा, एडिशनल चीफ इंजीनियर विजय कुमार सिंह, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर शरवन कुमार करवासरा तथा डिप्टी कमांडेंट अशोक सिंह ने किया। अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। पौधे केवल हरियाली नहीं बढ़ाते, बल्कि पर्यावरण को संतुलित रखने, वायु गुणवत्ता सुधारने, भूजल संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वृक्षारोपण अभियान में RENGA Engineering Works की ओर से प्रोजेक्ट मैनेजर (PM) पालेंद्र सिंह एवं साइट इंचार्ज विशाल रणवा ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी की है और प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
अभियान के दौरान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधे लगाए गए। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सभी ने एक स्वर में कहा कि “आज लगाया गया एक पौधा, आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगा।”

